
Jamshedpur : रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी वीएनआर स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में अग्नि आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण अनिवार्य कर दिया गया है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ही संबंधित संस्थानों को सुरक्षा प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। इसी पहल के तहत टाटानगर रेल सिविल डिफेंस की टीम ने सिनी स्थित वीएनआर इंटर कॉलेज में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।
मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के 74 छात्र-छात्राओं को आग से बचाव और आपात स्थिति में सुरक्षा के उपाय बताए गए। रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने विद्यार्थियों को आग लगने की रासायनिक प्रक्रिया, आग के विभिन्न वर्गों और उसे बुझाने के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को समझाया गया कि आग लगने पर घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ से काम लेना चाहिए। कपड़ों में आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली ‘स्टॉप, ड्रॉप एंड रोल’ विधि का प्रदर्शन कर इसके महत्व को बताया गया। साथ ही अग्निशमन उपकरणों के प्रकार, उनके सही इस्तेमाल और आग बुझाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल के जरिए दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रेशर टाइप ड्राई केमिकल पाउडर (डीसीपी) फायर एक्सटिंग्विशर के इस्तेमाल की मॉक ड्रिल कराई गई। संतोष कुमार ने अग्निशमन यंत्र चलाने की प्रक्रिया समझाई और विद्यार्थियों से इसका व्यावहारिक अभ्यास भी कराया। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में विद्यार्थियों को अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग के लिए तैयार करना था। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य नित्यानंद बेरा के अलावा विवेकानंद, संजय कुमार तिवारी, महेंद्र कुमार, शैलेश कुमार, गिरीश नंदन सिंह समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने पर जोर

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य नित्यानंद बेरा ने कहा कि अग्नि सुरक्षा संबंधी मॉक ड्रिल से विद्यार्थियों के मन में आग लगने की स्थिति को लेकर रहने वाला डर कम हुआ है। इस तरह के व्यावहारिक प्रशिक्षण से वे आपातकालीन परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ उचित कदम उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि रेल सिविल डिफेंस की ओर से पावरपॉइंट और डिजिटल माध्यम से दी गई जानकारी भी विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी रही। प्राचार्य ने प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के लिए रेल सिविल डिफेंस की टीम के प्रति आभार जताया।
रेल सिविल डिफेंस की भूमिका केवल आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों तक सीमित नहीं है। प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना भी इसका अहम उद्देश्य है। चक्रधरपुर मंडल के वीएनआर स्कूलों में प्रशिक्षण अनिवार्य किए जाने से शैक्षणिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है।
Read also Jharkhand Doctors Recruitment : जल्द होगी 506 डॉक्टरों की बहाली, साउथ से भी आएंगे 1200 चिकित्सक

