Jamshedpur : शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) गोलचक्कर के पास सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक टाटा स्टील के दमकल वाहन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान जुगसलाई पीबी रोड निवासी मोहम्मद हुसाम अख्तर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हुसाम अख्तर अपनी बाइक से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहा था। इसी दौरान टीएमएच गोलचक्कर के पास उसकी बाइक की टाटा स्टील के दमकल वाहन से टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी जोरदार थी, जिसके कारण युवक दमकल वाहन के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद युवक को वाहन के नीचे से बाहर निकाला गया।
घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि उसकी हालत बेहद गंभीर थी और तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दमकल वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

