चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। सोमवार सुबह पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध बालू से लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए। हालांकि पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
गुदड़ी से सोनुवा, चक्रधरपुर होते कराईकेला लाया जा रहा था अवैध बालू
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7 बजे कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन को सूचना मिली कि नदी से अवैध रूप से बालू उत्खनन कर ट्रैक्टरों से कराईकेला लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ चक्रधरपुर रांची मुख्य मार्ग एनएच-75 ई पर कराइकेला थाना के समीप पर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जिससे चालक फरार हो गया।
जब्त ट्रैक्टर थाने लाए गए
पुलिस ने मौके से बालू लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लिए। जब्त किए गए ट्रैक्टरों को कराईकेला थाना लाया गया है। पुलिस ने चालकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर रही है। मामले में अवैध खनन और बालू परिवहन को लेकर कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसके लिए खनन विभाग को पत्र भेजा जा रहा है।

