
Garhwa : गढ़वा थाना क्षेत्र के जोबरइया स्थित हरिओम नगर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला राघो कुंवर, पति स्वर्गीय शिवपूजन बिंद, सरस्वतिया नदी के तेज बहाव में बह गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार सुबह अचानक परिजनों को जानकारी मिली कि राघो कुंवर सरस्वतिया नदी के तेज बहाव में बह गई हैं। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बिना देर किए उनकी तलाश शुरू कर दी।
परिजन हरिओम नगर से लेकर सरस्वतिया नदी और दानरो नदी के संगम क्षेत्र तक नदी के किनारे लगातार खोजबीन कर रहे हैं। नदी का बहाव तेज होने के कारण तलाश अभियान में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना गढ़वा थाना पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अपने स्तर से बुजुर्ग महिला की तलाश शुरू कर दी। पुलिस और स्थानीय ग्रामीण नदी के आसपास के तटीय इलाकों में लगातार निगरानी रख रहे हैं।
हालांकि, बुधवार शाम करीब सात बजे तक राघो कुंवर का कोई सुराग नहीं मिल सका था। परिजन उनकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं, जबकि पुलिस की ओर से भी खोजबीन जारी है।

