RANCHI: रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने ऑपरेशन ‘NARCOS’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 61 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30.50 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में बिहार के बक्सर जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार 30 मई को आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची, आरपीएफ पोस्ट रांची और अपराध शाखा रांची द्वारा संयुक्त रूप से रेलवे स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर जम्मू तवी एक्सप्रेस के बी-3 कोच में तीन संदिग्ध युवक चार ट्रॉली बैग और तीन पिट्ठू बैग के साथ मिले। पूछताछ में उन्होंने बैगों में गांजा होने की बात स्वीकार कर ली।
ट्रेन से तीनों संदिग्धों को उनके सामान सहित नामकुम रेलवे स्टेशन पर उतारकर जांच की गई। जांच में आयुष सिंह (22), प्रिंस कुमार (21) और अंकित पाठक (19) सभी बक्सर के कब्जे से 61 पैकेट गांजा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रताप सिंह नेगी के निर्देश पर डीडी किट से परीक्षण में बरामद पदार्थ गांजा पाया गया। इसके बाद जब्त सामान और आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया।

