Seraikela : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में हुए चर्चित मोहम्मद तौसीफ उर्फ राज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कपाली ओपी पुलिस ने इस मामले में शामिल एक आरोपी को पश्चिम बंगाल के दीघा से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस अब मुख्य आरोपी बताए जा रहे सन्नू बच्चा को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है।कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि कुछ दिनों पहले डोबो ईंट भट्टा के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था।
मृतक परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह गढ़ीवान पट्टी निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद तौसीफ उर्फ राज था। जांच में पता चला कि उसकी हत्या धारदार हथियार से हमला कर की गई थी।मामले की जांच के दौरान पुलिस को जमशेदपुर के धातकीडीह निवासी 30 वर्षीय जमील अहमद अंसारी की संलिप्तता के प्रमाण मिले। इसके बाद पुलिस ने उसे पश्चिम बंगाल के दीघा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार तौसीफ की हत्या आपसी दुश्मनी के कारण की गई थी।
जांच के दौरान कपाली निवासी सन्नू बच्चा का नाम भी सामने आया है। पुलिस ने बताया कि सन्नू बच्चा के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल एक अन्य मामले में सरायकेला मंडल कारा में बंद है।कपाली पुलिस का मानना है कि सन्नू बच्चा से रिमांड पर पूछताछ करने से हत्या की साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन और बाइक का इस्तेमाल नहीं किया था, जिससे जांच में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।गिरफ्तार आरोपी जमील अहमद अंसारी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
Read also – Jamshedpur Firing: जुगसलाई में रंगदारी को लेकर फायरिंग, इलाके में फैली दहशत

