
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर नगर परिषद के पुराने कार्यालय भवन में सोमवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने पुराने नगर परिषद भवन के अंदर एक युवक को पड़ा हुआ देखा। नजदीक जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना चक्रधरपुर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस चक्रधरपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। युवक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस के अनुसार युवक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव पर बाहरी तौर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं दिख रहे हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
शव की शिनाख्त का पुलिस कर रही प्रयास
इधर, घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को युवक के बारे में कोई जानकारी हो तो थाना को सूचित करें, ताकि उसकी पहचान हो सके और परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है।

