
Jamshedpur : जमशेदपुर में अब पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और पुलिस ने चापड़बाजी पर रोक लगाने के लिए कमर कस ली है। अधिकारियों ने तय कर लिया है कि अब लौहनगरी में चापड़ और बड़े चाकुओं की बिक्री पर रोक लगाई जाए। इसके तहत, अब दुकानदार सिर्फ सब्जी काटने वाले चाकू ही बेच सकेंगे। चापड़ और बड़े चाकुओं की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। अब चापड़ और बड़े चाकू वही दुकानदार बेच सकेंगे, जिनके पास इसका लाइसेंस होगा। बताया जा रहा है कि चापड़ व बड़ा चाकू बेचने के लिए एसडीओ से लाइसेंस लेना होगा। एसडीओ जिन दुकानदारों को चापड़ बेचने की अनुमति देंगे, वही इन चापड़ों को बेचेगा।
सूत्रों की मानें तो चापड़ और पांच इंच से बड़े चाकू सिर्फ मटन या मुर्गा का धंधा करने वाले लोग ही खरीद सकेंगे। दुकानदार जिसे चापड़ या चाकू बेचेंगे, उसका पूरा ब्योरा रखेंगे। उनका आधार कार्ड और पता भी रखना होगा और इसकी सूचना अपने इलाके के थाने को देनी होगी। माना जा रहा है कि जिला प्रशासन ने जमशेदपुर में चापड़बाजी की घटनाओं को नियंत्रित करने का यह प्लान बनाया है। इससे शहर में चापड़बाजी की घटनाओं में कमी आएगी।
गौरतलब है कि अब तक जमशेदपुर में दुकानों पर खुलेआम चापड़ और चाकू बेचा जाता था। इसकी खरीद-बिक्री पर कोई रोक नहीं थी। इसके चलते धार्मिक जुलूसों में युवा खुलेआम चापड़ लहराते थे। युवाओं की के बीच चापड़ की खरीद बढ़ गई थी। इसके चलते शहर में इधर दो साल से चापड़ चलने की घटनाओं में इजाफा हुआ है। पहली बार सोनारी पुलिस ने अप्रैल में अपने इलाके में निकले एक जुलूस में दर्जनों चापड़ बरामद किए थे। हालांकि, उन युवकों को छोड़ दिया गया था, जिनके पास से चापड़ बरामद हुआ था। चापड़ मार कर कइयों की जान ले ली गई है। बिष्टुपुर में डीडी बार के बाहर जब पुलिस कर्मियों के सामने आदित्यपुर के हिमांशु की चापड़ मार कर हत्या कर दी गई, तब जिला प्रशासन की आंख खुली है और अब चापड़ की बिक्री पर पाबंदी लगाई गई है। इसके बाद साकची थाना की पुलिस ने अपने क्षेत्र में छापेमारी कर 30-40 चापड़ जब्त किए हैं। यही नहीं, परसुडीह में पुलिस ने भी रविवार को दुकानों में छापेमारी की और 37 चापड़ जब्त किए।
परसुडीह बाजार में पुलिस ने चलाया अभियान
शहर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी और चाकूबाजी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए परसुडीह थाना की पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। सोमवार शाम को परसुडीह बाजार में विशेष जांच अभियान चलाकर बर्तन और हार्डवेयर की कई दुकानों का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि हाल के दिनों में धारदार हथियारों के इस्तेमाल से जुड़ी आपराधिक घटनाओं में वृद्धि दर्ज की गई है। इसी को देखते हुए बाजार में औचक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानों में धारदार औजारों की बिक्री से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित कराया गया और दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
अब नियमों के तहत ही होगी बिक्री
अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से बाजार में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया। पुलिस ने साफ कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करने और धारदार हथियारों का दुरुपयोग रोकने के लिए आगे भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस ने दुकानदारों से अपील की है कि वे धारदार औजारों की बिक्री केवल निर्धारित नियमों के तहत ही करें। इसके साथ ही यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

