Home » Chakradharpur News : सांसद जोबा माझी ने बांटे उन्नत बीज, किसानों से कहा- ‘कम पानी वाली फसलों और सामूहिक खेती पर दें जोर’

Chakradharpur News : सांसद जोबा माझी ने बांटे उन्नत बीज, किसानों से कहा- ‘कम पानी वाली फसलों और सामूहिक खेती पर दें जोर’

सांसद ने सरकार की कल्याणकारी कृषि योजनाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की। किसानों को कृषि ऋण (KCC व अन्य लोन) को लेकर व्यावहारिक सलाह भी दी।

by Rajeshwar Pandey
Chakradharpur News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित ‘आत्मा’ कार्यालय परिसर में गुरुवार को ‘आत्मनिर्भर दलहन योजना’ के तहत खरीफ किसान गोष्ठी सह बीज वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। सांसद और अन्य गणमान्य अतिथियों ने पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद क्षेत्र से आए सैकड़ों किसानों के बीच उड़द, अरहर, मूंग और धान के उन्नत किस्म के बीजों का मुफ्त वितरण किया गया।

मौसम के मिजाज को देख बदलें खेती की रणनीति : सांसद

गोष्ठी को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने मौसम की अनिश्चितता और कम बारिश की आशंका पर चिंता जताई। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे पारंपरिक ढर्रे से हटकर अपनी रणनीति बदलें। उन्होंने कहा कि आज समय की मांग है कि हमारे किसान ऐसी फसलों का चुनाव करें जो कम पानी में भी अच्छी पैदावार दे सकें। आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर ही किसान अपनी आमदनी को बढ़ा सकते हैं।

‘मैं खुद एक किसान हूँ, आपके संघर्षों को समझती हूँ’- सांसद

भावुक होते हुए सांसद ने किसानों से अपना जुड़ाव साझा किया। उन्होंने कहा कि वह खुद एक किसान परिवार से आती हैं और आज भी खेतों में काम करती हैं। धान से लेकर सब्जियों की खेती तक का उन्हें व्यावहारिक अनुभव है। इसलिए वह किसानों की मेहनत, उनकी दिक्कतों और चुनौतियों को बहुत करीब से समझती हैं। उन्होंने कहा कि देश का पेट भरने वाले किसान होना बेहद गर्व की बात है।

कर्ज और सामूहिक खेती को लेकर दी अहम सलाह

सांसद ने सरकार की कल्याणकारी कृषि योजनाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को कृषि ऋण (KCC व अन्य लोन) को लेकर एक बड़ी और व्यावहारिक सलाह दी।

सोच-समझकर लें कर्ज

किसान सिर्फ उतनी ही लोन राशि लें, जितनी बेहद जरूरी हो। बिना वजह ज्यादा कर्ज लेने से आर्थिक बोझ और मानसिक तनाव बढ़ता है।

सामूहिक खेती करें

उन्होंने छोटे किसानों को मिलकर समूह में खेती करने की सलाह दी। इससे लागत कम होगी, संसाधनों का सही इस्तेमाल होगा और उपज को बाजार में बेचने में आसानी होगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस मौके पर प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भारी मौजूदगी रही, जिनमें प्रखंड विकास पदाधिकारी कांचन मुखर्जी, विधायक प्रतिनिधि पीरू हेम्ब्रम, प्रखंड प्रमुख ज्योति सिजुई, उप प्रमुख विनय प्रधान, जिला परिषद सदस्य मीना जोंको व लक्ष्मी हासदा, पूर्व मुखिया विजय सिंह सामाड, प्रदीप महतो शामिल थे। साथ ही कृषि विभाग के बीटीएम अभय कुमार, एटीएम पंकज कुमार, राजकुमार महतो, प्रदीप शर्मा, रमेश कोड़ाह सहित क्षेत्र के सैकड़ों प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

Read Also- Jharkhand Digital Vision:  AI आधारित सुशासन पर झारखंड का बड़ा दांव, 1150 करोड़ रुपये निवेश और 1 लाख रोजगार का लक्ष्य

Related Articles

Leave a Comment