Home » Jamshedpur Gangrape : जमशेदपुर में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, छह घंटे के अंदर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Jamshedpur Gangrape : जमशेदपुर में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, छह घंटे के अंदर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur Gangrape
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस ने एमजीएम थाना क्षेत्र में गैंगरेप के एक सनसनीखेज मामले का महज छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए गुरुवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में इस्तेमाल की गई अपाची मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में एमजीएम थाना क्षेत्र का रहने वाला ओम प्रकाश और मानगो निवासी जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा हैं। दोनों पेशे से चालक (ड्राइवर) हैं। मामले का खुलासा एमजीएम थाना प्रभारी ने प्रेस वार्ता के दौरान किया।

पुलिस ने बताया कि बुधवार की 8 जुलाई की देर रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सिमुलडांगा गांव के पास सड़क किनारे एक महिला गंभीर हालत में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि दोनों आरोपी उसे डिमना लेक और मिर्जाडीह हाट की ओर ले गए, जहां पहले उसे शराब पिलाई गई। इसके बाद सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और घायल अवस्था में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

पीड़िता के बयान के आधार पर एमजीएम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मात्र छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास, घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।

फिलहाल पीड़िता का इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है। वहीं, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Comment