Home » Jamshedpur BJP News: टेल्को थाना में दर्ज केस की निष्पक्ष जांच की मांग, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर SSP को सौंपा ज्ञापन

Jamshedpur BJP News: टेल्को थाना में दर्ज केस की निष्पक्ष जांच की मांग, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर SSP को सौंपा ज्ञापन

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को थाना में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की निष्पक्ष समीक्षा तथा शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर गुरुवार को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब से मिला। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और निराधार धाराओं को हटाने की मांग की।

भाजपा नेताओं ने एसएसपी को बताया कि शहर में बढ़ते अपराध और बिष्टुपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में पार्टी ने 3 जुलाई को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जमशेदपुर बंद का आह्वान किया था। उनका कहना था कि बंद को व्यापारियों, आम नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों का व्यापक समर्थन मिला तथा अधिकांश प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आम लोगों के बीच सुरक्षा का माहौल कायम करने की भी मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि बंद के बाद जमशेदपुर अक्षेस के एक अधिकारी की शिकायत पर टेल्को थाना में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसमें टेल्को मंडल अध्यक्ष, घोड़ाबांधा मंडल अध्यक्ष, जिला महामंत्री, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष, पूर्व जिला पदाधिकारी समेत 18 भाजपा नेताओं और अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं को नामजद किया गया है। भाजपा का आरोप है कि एफआईआर में लगाए गए गंभीर आरोप तथ्यों से परे और पूरी तरह निराधार हैं। पार्टी ने कहा कि बंद के दौरान ऐसी कोई घटना नहीं हुई, जिसका उल्लेख किसी मीडिया रिपोर्ट या प्रशासनिक रिकॉर्ड में भी नहीं है। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष और वस्तुनिष्ठ जांच जरूरी है।

मीडिया से बातचीत में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण जनआंदोलन में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और बढ़ते अपराधों के खिलाफ आवाज उठाना हर नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन दुर्भावनापूर्ण तरीके से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा किसी भी प्रकार की हिंसा, अराजकता या कानून को हाथ में लेने का समर्थन नहीं करती। उन्होंने मांग की कि टेल्को थाना में दर्ज प्राथमिकी की निष्पक्ष समीक्षा कर निराधार धाराओं को हटाया जाए और निर्दोष लोगों को न्याय मिले। उन्होंने भरोसा जताया कि एसएसपी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित निर्णय लेंगे।

वहीं, एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, मीरा मुंडा, देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी, चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, सुधांशु ओझा, संजीव सिंह, प्रदीप महतो, बबुआ सिंह, रूबी झा, राजीव सिंह, तन्मय झा, रीना चौधरी, संजीत चौरसिया और प्रेम झा समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

Read also –Jamshedpur Chapad Crime : अब लौहनगरी में चापड़ या बड़ा चाकू बेचने के लिए एसडीओ से लेना होगा लाइसेंस; The Photon News Exclusive :

Related Articles

Leave a Comment