नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की उत्तर-पश्चिम जिला फॉरेनर्स सेल ने एक विशेष अभियान में 36 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है, जिनमें 17 बच्चे शामिल हैं। यह कार्रवाई 13 जून को भारत नगर थाना क्षेत्र के वजीरपुर जेजे कॉलोनी में की गई। पुलिस ने 7 स्मार्टफोन, जिनमें प्रतिबंधित आईएमओ ऐप इंस्टॉल था, और 13 बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान पत्र बरामद किए हैं।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू किया था। कई दिनों की निगरानी और तकनीकी खुफिया जानकारी के आधार पर, 13 जून को वजीरपुर में छापेमारी की गई। टीम ने 25 फुटपाथों और 32 गलियों की गहन तलाशी ली। एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने शुरू में गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में अवैध बांग्लादेशी नागरिक होने की बात कबूल की।
उसकी जानकारी के आधार पर 19 वयस्कों और 17 बच्चों सहित 36 लोग पकड़े गए, जो बिना वैध वीजा या परमिट के वजीरपुर जेजे कॉलोनी में रह रहे थे। हिरासत में लिए गए लोगों ने बताया कि वे हरियाणा के मेवात में ईंट भट्टों पर काम करते थे, लेकिन हरियाणा पुलिस के डर से वहां से भागकर दिल्ली आए। वे बार-बार फुटपाथ बदल रहे थे और किराए के मकान की तलाश में थे। बरामद स्मार्टफोनों में प्रतिबंधित आईएमओ ऐप और बांग्लादेशी आईडी मिले।डीसीपी भीष्म सिंह ने बताया कि जांच जारी है और अवैध प्रवासियों को निर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
Read Also: Delhi Crime : पुलिस पर हमला करने वाला नौ साल से फरार दंगा मामले का घोषित अपराधी गिरफ्तार

