Jamshedpur : जमशेदपुर में होने वाली जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बनेगी। उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में पहली बार 100 प्रतिशत ऑनलाइन प्रणाली से जनगणना कराई जाएगी।
पहला चरण 1 मई से शुरू हो गया है। यह 14 जून तक चलेगा। इसमें 1 मई से 15 मई के बीच सभी नागरिकों को ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर हाउस लिस्टिंग फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। फॉर्म भरने के बाद प्रत्येक परिवार को एक यूनिक एसई (SE) आईडी मिलेगी, जो आगे की प्रक्रिया के लिए जरूरी होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना इस आईडी के जनगणना अधूरी मानी जा सकती है।
16 मई से जनगणना कर्मी घर-घर जाकर फॉर्म का सत्यापन करेंगे और जिन लोगों ने ऑनलाइन जानकारी नहीं भरी होगी, उनका डेटा मौके पर ही मोबाइल ऐप के जरिए दर्ज किया जाएगा। इसके लिए कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण और डिजिटल उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
इस जनगणना में केवल जनसंख्या की गणना ही नहीं, बल्कि परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़ी जानकारियां भी जुटाई जाएंगी। इसमें मोबाइल, इंटरनेट, वाहन, पेयजल, शौचालय, डिजिटल उपकरण और मकान स्वामित्व जैसी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल होगी। इन आंकड़ों का उपयोग भविष्य की योजनाओं और नीतियों को बेहतर बनाने में किया जाएगा।
पूरे जिले में इस कार्य के लिए 4,602 कर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि 778 सुपरवाइजर निगरानी करेंगे। साथ ही लगभग 10 प्रतिशत अतिरिक्त कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है। सभी कर्मियों को डिजिटल सिस्टम, डेटा सुरक्षा और फील्ड वेरिफिकेशन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि नागरिकों की सभी जानकारियां पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी और उनका उपयोग केवल जनगणना के लिए ही किया जाएगा। इसके लिए आधुनिक एन्क्रिप्शन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
जनगणना का दूसरा चरण 9 फरवरी 2027 से शुरू होगा, जिसमें जनसंख्या से जुड़े विस्तृत आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे समय पर अपनी जानकारी ऑनलाइन भरें और इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें।

