Home » Seraikela News : चांडिल में NH-33 पर दर्दनाक हादसा, चिलगु निवासी जितेन दास की मौके पर मौत

Seraikela News : चांडिल में NH-33 पर दर्दनाक हादसा, चिलगु निवासी जितेन दास की मौके पर मौत

ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे टाटा-रांची मुख्य मार्ग पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Seraikela : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के टाटा-रांची एनएच-33 पर चिलगु के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चिलगु निवासी जितेन दास की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह एक ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई।

हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जब से एनएच-33 को वनवे बनाया गया है, तब से सड़क दुर्घटनाओं और मौतों की संख्या लगातार बढ़ी है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर और कितनी जानें जाने के बाद सुरक्षा उपायों पर ध्यान दिया जाएगा।

आजसू नेता हरे लाल महतो ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए हाईवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने, स्पीड कंट्रोल व्यवस्था, चेतावनी संकेतक और अन्य सुरक्षा उपायों को जल्द लागू करने की मांग की।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे टाटा-रांची मुख्य मार्ग पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने एनएच-33 पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लगातार हो रहे हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Comment