
चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे जोन अंतर्गत चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने बुधवार को मनोहरपुर रेलवे स्टेशन का अचानक दौरा किया। इस दौरान वे स्टेशन पर लगभग 24 मिनट तक रुके और यहां संचालित विकास कार्यों की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने अमृत भारत योजना के तहत मनोहरपुर में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन पर बन रहे नए भवन, पार्किंग स्थल और संपर्क सड़क का मुआयना किया। अधिकारियों से कार्य की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर जानकारी ली। साथ ही समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूरा करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
डीआरएम ने कहा कि अमृत भारत योजना के तहत स्टेशनों को यात्री सुविधाओं से युक्त आधुनिक रूप दिया जा रहा है। मनोहरपुर स्टेशन पर भी यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें, इसके लिए निर्माण कार्य तेजी से कराया जाए। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में श्री हुरिया ने बताया कि वे लगातार स्टेशनों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।
इस दौरान जब उनसे मनोहरपुर रेल क्षेत्र में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि निर्माण में किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
डीआरएम के इस औचक दौरे से रेल कर्मियों और ठेकेदारों में हड़कंप देखा गया। अधिकारी मौके पर ही कार्यों की रिपोर्ट और फाइलें लेकर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने भी डीआरएम से स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर करने की मांग रखी। रेल प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि अमृत भारत योजना के तहत मनोहरपुर स्टेशन को जल्द ही नए स्वरूप में विकसित कर दिया जाएगा, जिससे यात्रियों को आवागमन में सहूलियत होगी।

