
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत किरीबुरू- बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर ओम शांति स्थल मंदिर से लगभग 1 किलोमीटर आगे सड़क पर बीचों-बीच पेड़ गिर गया है। अब यह पेड़ यात्रियों के लिए मुसीबत बन गया है। पेड़ का कुछ हिस्सा अब भी रोड पर मौजूद है, जिसकी वजह से एक तरफ का रास्ता बाधित है और वाहनों को बेहद सावधानी से निकलना पड़ रहा है।
बताया गया कि पेड़ को बीच से काटकर आंशिक रूप से हटाया गया है, लेकिन बचा हुआ हिस्सा अब तक सड़क से नहीं हटाया गया है। इसके कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। इस समय लगातार बारिश हो रही है। किरीबुरू-बड़ाजामदा मार्ग पर दिन और रात दोनों समय घना कोहरा रहता है। रात में विजिबिलिटी कम होने से चालकों को आगे की सड़क साफ नहीं दिखती। ऐसे में बीच सड़क में पड़े पेड़ के टुकड़े से दुर्घटना होने की संभावना बढ़ गई है। तेज लाइट में भी अगर समय पर नजर नहीं पड़ी तो बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस रूट पर दिन-रात गाड़ियों का आना-जाना लगा रहता है। कोहरे के समय रोड पर पड़ी बाधा दिखाई नहीं देती, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि हादसा होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय संबंधित विभाग को पहले ही सतर्क होकर पेड़ के शेष हिस्से को हटाना चाहिए।
वाहन चालकों और आसपास के लोगों ने प्रशासन और सड़क विभाग से मांग की है कि सड़क पर पड़े पेड़ को जल्द से जल्द पूरी तरह साफ किया जाए, ताकि यातायात सामान्य हो सके और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


