Home » Dhanbad Crime: प्रिंस खान के नाम पर मांगी एक करोड़ की रंगदारी; चार गिरफ्तार

Dhanbad Crime: प्रिंस खान के नाम पर मांगी एक करोड़ की रंगदारी; चार गिरफ्तार

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : जिले में सक्रिय कई आपराधिक गिरोह गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी में मोटी रकम वसूल रहे हैं। प्रिंस खान का खौफ ऐसा है कि कई लोग चुपके से राशि का भुगतान भी कर दे रहे हैं। पुलिस ने ऐसे ही एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में व्यवसायियों को फोन कर धमकाने और करोड़ों रुपये की मांग करने के मामले में पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ये लोग खुद को प्रिंस खान गैंग से जुड़ा बताकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे।

बरवाअड्डा निवासी गुलाम अंसारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों ने फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल नंबर और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

इस आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर देवानंद सिंह उर्फ चंदन सिंह, बालक कुमार दास, मो. नासिर अंसारी उर्फ जयकांत सिकरे और सुरेंद्र कुमार महतो उर्फ गोलक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने प्रिंस खान उर्फ छोटे सरकार के नाम का इस्तेमाल कर कई लोगों को डराने का प्रयास किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने धनबाद के एक निजी अस्पताल संचालक को भी फोन कर रंगदारी मांगने की कोशिश की थी।

घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल भी बरामद

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपित संगठित तरीके से लोगों को निशाना बना रहे थे और अपराधी गैंग के नाम का सहारा लेकर भय का माहौल बनाना चाहते थे।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों का किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से सीधा संबंध है या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने और किन लोगों से रंगदारी मांगने की कोशिश की थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में रंगदारी और संगठित अपराध पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Read Also: Ramgarh Crime : रामगढ़ में हुए कामेश्वर पांडे हत्याकांड में गैंगस्टर अमन श्रीवास्तव दोषी करार, 15 मई को सजा पर फैसला

Related Articles

Leave a Comment