Seraikela: सरायकेला पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कपाली ओपी क्षेत्र से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 16.50 लाख रुपये आंकी गई है।जिले की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 6 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंधुगोड़ा इलाके में इम्तियाज खान के मकान से नशे का कारोबार संचालित किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया और त्वरित छापेमारी की गई।
किराए के मकान से चल रहा था धंधा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर की कुल 679 पुड़िया बरामद की। मौके से महाराज अली, असगर अली और शबनम परवीन को गिरफ्तार किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी किराएदार बनकर मकान में रह रहे थे और वहीं से नशे के नेटवर्क को संचालित कर रहे थे।
आरोपी का है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी महाराज अली का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पहले से आरआईटी थाना के एक मामले में वांछित था। सभी आरोपियों की बायोमेट्रिक जांच और फिंगरप्रिंटिंग की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सरायकेला पुलिस अब इस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा इसके पीछे किसी सफेदपोश की भूमिका तो नहीं है।

