Jamshedpur : इस बार 9 मई को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 487वीं जन्म जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी। शनिवार को मरीन ड्राइव स्थित महाराणा प्रताप चौक पर कार्यक्रम की शुरुआत पांच पुरोहितों के शंखनाद से होगी। इसके बाद हजारों श्रद्धालु महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे। झारखंड क्षत्रिय संघ, युवा संघ और महिला संघ की 27 इकाइयों की समितियां भगवा ध्वज के साथ जयघोष करते हुए क्रमवार माल्यार्पण करेंगी।
ये जानकारी झारखंड क्षत्रिय संघ ने होटल दयाल इंटरनेशनल में प्रेस वार्ता आयोजित कर गुरुवार को दी है। संघ की तरफ से शहर के सभी हिंदू समाज के लोगों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न जातीय संगठनों के प्रमुखों को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
संगोष्ठी और सेवा कार्य होंगे आकर्षण का केंद्र
केंद्रीय सचिव अमित सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे महाराणा प्रताप चौक पर संगोष्ठी होगी। इसमें शहर के मशहूर शिक्षाविद और इतिहासकार महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र रक्षा के योगदान पर अपने विचार रखेंगे। इसका मकसद युवाओं और आमजन में धर्म व राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है। इसके अलावा, भीषण गर्मी को देखते हुए क्षत्रिय युवा संघ शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर मीठे पेय पदार्थों के सेवा शिविर लगाएगा। यहां राहगीरों को नि:शुल्क शीतल पेय बांटा जाएगा।
प्रेस वार्ता में केंद्रीय सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक अमित सिंह, युवा संघ के महामंत्री कुमार प्रभाकर सिंह, वरीय उपाध्यक्ष राजीव सिंह (बबलू), जयंत विक्रम सिंह, रवि सिंह, सुखदेव सिंह, हेमंत सिंह और अभिषेक सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

