
खूंटी : झारखंड में मानसून के साथ आकाशीय बिजली की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसी बीच खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान तोरपा प्रखंड के हुसीर पंचायत अंतर्गत मुनगा टोली, रोन्हे गांव निवासी 52 वर्षीय निस्तार टोपनो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार रात वे अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज बारिश की संभावना को देखते हुए वह घर लौटने लगे। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए।
खेत से लौटते समय हुआ हादसा
ग्रामीणों के अनुसार, निस्तार टोपनो रोज की तरह अपनी बारी में खेती का काम कर रहे थे। शाम होते-होते क्षेत्र में बादल छा गए और मौसम खराब होने लगा। इसके बाद उन्होंने घर लौटने का निर्णय लिया, लेकिन रास्ते में अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पंचायत के मुखिया प्रदीप गुड़िया को इसकी जानकारी दी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मुखिया प्रदीप गुड़िया ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल किसान को रेफरल अस्पताल, तोरपा भिजवाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों को आपदा राहत कोष के तहत उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक परिवार का मुख्य सहारा थे और उनकी असामयिक मौत से परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।
जिले में दूसरे दिन भी आकाशीय बिजली से मौत
उल्लेखनीय है कि रविवार को ही खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड की कच्चाबारी पंचायत स्थित पतरा टोली में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी। लगातार दूसरे दिन बिजली गिरने से हुई मौतों ने जिले में लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

