
सरायकेला : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर सोमवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। कोलाबीरा के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार महिला सड़क पर गिर गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मृतका की पहचान गम्हरिया के रपचा निवासी फुलसरी महतो के रूप में हुई है। वहीं, बाइक चालक शंभू चरण महतो घायल हो गए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
दवा लेने जा रहे थे दोनों, रास्ते में हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथीटांड़ निवासी शंभू चरण महतो अपनी बाइक से कदमा से दुगनी की ओर दवा लेने जा रहे थे। फुलसरी महतो भी उनके साथ बाइक पर सवार थीं। इसी दौरान कोलाबीरा के समीप पीछे से तेज गति से आ रहे एक हाईवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फुलसरी महतो सड़क पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक शंभू चरण महतो घायल हो गए।
भाग रहे डंपर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने का प्रयास करने लगा। हालांकि, स्थानीय लोगों और राहगीरों ने उसका पीछा किया और दुगनी के पास हाईवा को पकड़ लिया। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल सरायकेला थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे।
मुआवजा और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि जिले में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया जा रहा है। लोगों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने, दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके साथ ही ग्रामीण जिले के वरीय अधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर भी अड़े हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और पुलिस प्रशासन लोगों को समझाने में जुटा हुआ था।

