कोडरमा : जिले के झुमरीतिलैया शहर के सेक्रेड हार्ट स्कूल के हॉस्टल में रविवार को सनसनीखेज घटना सामने आई है। 10 वीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध मौत हो गई। शव हॉस्टल में गमछे के सहारे लटकता पाया कगया। घटना से आक्रोशित लोगों ने सोमवार को सड़क जाम कर दिया।
छात्र कोडरमा के दूधीमाटी निवासी विजय यादव का पुत्र उदित यादव (17) वर्ष है। छात्र उदित हॉस्टल के कमरे में गमछे के सहारे झूलता मिला। आनन-फानन में विद्यालय प्रबंधन ने छात्र को निजी वाहन से सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बारे में कुछ नहीं बोलने पर स्कूल के एक कर्मी से हाथापाई
छात्र की आत्महत्या की बात कही गई थी। मृतक के परिजन रविवार देर शाम कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचे तथा घटना को लेकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ हंगामा किया। इस दौरान स्कूल के एक कर्मी से पूछताछ की गई। कुछ नहीं बताने पर उसके साथ हाथापाई भी की गई। सोमवार को छात्र के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड द्वारा किया गया। इसके बाद मृतक के परिजनों ने झुमरीतिलैया में स्कूल के निकट रांची पटना रोड को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया ओर जमकर नारेबाजी की।
इधर, एसडीओ ओम प्रकाश मंडल, एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह, इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार दल बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। मृतक के बड़े भाई आदित्य कुमार ने बताया कि रविवार को वह अपने भाई से मिलने दो बार स्कूल गए थे। पहली बार दोपहर में वे उसके गंदे कपड़े लेने पहुंचे थे, जबकि दूसरी बार शाम में साफ कपड़े और जरूरी सामान देने गए थे। दोनों बार उदित से उनकी सामान्य बातचीत हुई। वह ठीक लग रहा था।
घर लौटने के कुछ देर बाद ही स्कूल के एक छात्र ने फोन कर सूचना दी कि उदित की तबीयत अचानक खराब हो गई है। तुरंत स्कूल पहुंचें। इसके बाद आदित्य अपने भाई रोहित के साथ स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने उदित को हॉस्टल के एक कमरे में जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा पाया। परिजनों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उदित ऐसा कदम नहीं उठा सकता। इस मामले में कुछ न कुछ संदिग्ध जरूर है।
सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के बीटेक छात्र ने की खुदकुशी
रांची। रांची के रातू थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के एक छात्र ने खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान साकेत कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के औरंगाबाद जिले का रहने वाला था और यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था।
साकेत रातू थाना क्षेत्र के तिलता हनुमान नगर में किराए के मकान में रहता था। सोमवार को उसका शव कमरे से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें युवक ने अपने निजी जीवन से जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया है। शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने भी घटना की पुष्टि की है।
झारखंड सेंट्रल यूनिवर्सिटी के जनसंपर्क पदाधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि साकेत पढ़ाई में काफी अच्छा छात्र था और उसके इस तरह का कदम उठाने की किसी को उम्मीद नहीं थी। अधिकारियों का कहना है कि अगर पहले इस तरह की मानसिक स्थिति की जानकारी मिलती तो काउंसलिंग और अन्य माध्यमों से उसकी मदद की जा सकती थी। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है और वे रांची पहुंच रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।

