Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ा लगिया स्थित पासु बेड़ा गांव में सोमवार को एक जंगली भालू ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका दाहिना पैर भालू ने बुरी तरह नोच लिया। घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा लाया गया है। यहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारा लगिया स्थित पासुबेरा गांव निवासी 35 वर्षीय दामु सोमवार शाम खेत से काम कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पासु बेड़ा गांव के पास झाड़ी से निकलकर एक जंगली भालू ने उस पर अचानक हमला कर दिया। भालू ने दामु को जमीन पर गिरा दिया और उसके दाहिने पैर को बुरी तरह नोच डाला। दामु की चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालू को भगाया। तब तक दामु गंभीर रूप से जख्मी हो चुका था।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और पुलिस को दी। घायल को 108 एंबुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दाहिने पैर में गहरे जख्म हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वन विभाग ने की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में अक्सर जंगली जानवरों का आना-जाना लगा रहता है। वन विभाग ने लोगों से जंगल की ओर अकेले न जाने की अपील की है। साथ ही घायल युवक के इलाज और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।
इस घटना के बाद से पासु बेड़ा गांव व आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने की मांग की है।
Read Also: West Singhbhum : तांतनगर में पुल की रेलिंग तोड़ बरकुंडिया नदी में गिर गई बाइक, व्यक्ति की मौत

