
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र से करीब दो सप्ताह पहले लापता हुई तीन लड़कियों को पुलिस ने मेरठ, उत्तर प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया है। गुवा थाना अंतर्गत ग्राम लिपुंगा निवासी मादो चाम्पिया ने 1 अगस्त 2026 को थाने में आवेदन दिया था कि उनकी 16 वर्षीय बेटीसुबनी चाम्पिया बिना बताए घर से चली गई है। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस पर गुवा थाना प्राथमिकी दर्ज कर जांच सहायक अवर निरीक्षक भुवनेश्वर महतो को सौंपी गई।
कैसे मिली लड़कियां
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरू विनित किन्डो के नेतृत्व में एक छापामारी टीम बनाई गई। जांच में पता चला कि लड़कियां काम की तलाश में मेरठ गई हैं। इसी सूचना के आधार पर 04 अगस्त 2026 को टीम मेरठ के लिए रवाना हुई। जीआरपी पुलिस मेरठ के सहयोग से वहां जांच की गई। इस दौरान कुल 3 लड़कियों को बरामद किया गया।
बरामद लड़कियों के नाम
सुबनी चाम्पिया उम्र 17 वर्ष, पिता मादो चाम्पिया, ग्राम लिपुंगा, थाना गुवा, नामसी चाम्पिया उम्र 21 वर्ष, पिता डोंका चाम्पिया, ग्राम लिपुंगा, थाना गुवा, गनोर हेम्ब्रम उम्र 16 वर्ष, पिता पान्डु चाम्पिया, ग्राम कदा जामदा टोला पीछुवा, थाना नोवामुंडी शामिल हैं। तीनों को सुरक्षित गुवा थाना लाया गया है। पुलिस ने बताया कि लड़कियों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापामारी दल में शामिल रहे
किरीबुरू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनित किन्डो,गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, भुवनेश्वर महतो सुशीला माई कुदादा, सतीश कुमार सिंह एवं गुवा थाना के अन्य जवान।

