Home » Jamshedpur Online Gambling: कार में चल रहा था ऑनलाइन जुआ, MGM पुलिस ने तीन युवकों को दबोचा

Jamshedpur Online Gambling: कार में चल रहा था ऑनलाइन जुआ, MGM पुलिस ने तीन युवकों को दबोचा

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से ऑनलाइन जुआ, सट्टा और आईपीएल गेम से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : एमजीएम थाना पुलिस ने ऑनलाइन जुआ और सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सिमुलडांगा में एनएच-33 के किनारे एक सुनसान स्थान पर खड़ी अर्टिगा कार से आरोपियों को पकड़ा। उनके पास से 1.18 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, अर्टिगा कार और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल के अनुसार, पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान अर्टिगा कार में तीन युवक मोबाइल के जरिए ऑनलाइन लिंक पर जुआ खेलते और उसका हिसाब कॉपी में दर्ज करते मिले। पुलिस ने मौके पर ही तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार महतो, रोहित गुप्ता उर्फ सेठबाज उर्फ बिट्टू और कृष्णा कर्मकार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने आईडी और पासवर्ड के माध्यम से ऑनलाइन जुआ संचालित करने तथा इससे अवैध कमाई करने की जानकारी दी।

पुलिस ने विकास कुमार महतो के पास से 97,920 रुपये, कृष्णा कर्मकार से 10,570 रुपये और रोहित गुप्ता से 10,000 रुपये बरामद किए। इसके अलावा आईफोन-13, आईफोन-17 प्रो मैक्स समेत चार मोबाइल फोन, एक अर्टिगा कार, सोने की चेन, सोने की अंगूठी और चांदी का ब्रेसलेट भी जब्त किया गया है।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से ऑनलाइन जुआ, सट्टा और आईपीएल गेम से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। पुलिस को बैंक और यूपीआई लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी मिले हैं, जिनके आधार पर ऑनलाइन पैसों के लेन-देन की जांच की जा रही है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इसके कथित सरगना तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Read also – Jamshedpur News : दलमा के इर्दगिर्द निर्माण से बदल रहे इको सिस्टम पर अर्जुन मुंडा ने जताई चिंता, एलीफैंट कॉरिडोर पर पड़ेगा असर

Related Articles

Leave a Comment