
Ranchi : राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित सुकीर्ति अपार्टमेंट में दिनदहाड़े बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने फ्लैट नंबर-201 का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने, चांदी और हीरे के जेवरात के साथ नकदी, कीमती घड़ियां और जमीन के मूल दस्तावेज चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 35 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, फ्लैट मालिक संजू चट्टोराज और उनकी पत्नी सेवा सदन में काम करते हैं। सोमवार सुबह करीब 10 बजे दोनों घर में ताला लगाकर काम पर चले गए थे। शाम करीब 6 बजे जब वे वापस लौटे तो फ्लैट का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने घर में रखी तीनों अलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखे जेवरात और नकदी निकाल ली। चोरी हुए सामान में हीरे की अंगूठी, सोने की अंगूठियां, नेकलेस सेट, सोने की चेन, करीब 16 जोड़ी सोने की बालियां, सोने की चूड़ियां और सोने के सिक्के समेत कई अन्य आभूषण शामिल हैं।
इसके अलावा घर से करीब 14 कीमती घड़ियां, गोमो स्थित जमीन के मूल दस्तावेज और करीब 1.10 लाख से 1.30 लाख रुपये नकद भी गायब मिले। पीड़ित ने चोरी गए सामान की कुल कीमत 35 लाख रुपये से अधिक बताई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
मामले में फ्लैट मालिक संजू चट्टोराज ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस चोरी की घटना के समय घर और अपार्टमेंट के आसपास मौजूद लोगों तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Read Also: Hemant Soren : झारखंड को नई अर्थव्यवस्था के अनुरूप तैयार करेंगे : हेमंत सोरेन

