Home » Jamshedpur Flyover: मानगो फ्लाइओवर के रैंप पर सरयू राय का सवाल, बोले- बिना अनुमति हुआ निर्माण, ऐसे कैसे चलेगा विकास का काम

Jamshedpur Flyover: मानगो फ्लाइओवर के रैंप पर सरयू राय का सवाल, बोले- बिना अनुमति हुआ निर्माण, ऐसे कैसे चलेगा विकास का काम

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : मानगो फ्लाइओवर के निर्माण को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पथ निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। सोमवार को फ्लाइओवर और बालीगुमा पानी टंकी का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने कहा कि पायल सिनेमा के पास वन विभाग की जमीन पर फ्लाइओवर का रैंप बना दिया गया है, जबकि वन विभाग से जरूरी अनुमति और एनओसी की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।

सरयू राय के अनुसार, पायल सिनेमा की ओर बनाए गए रैंप के कारण सड़क की चौड़ाई प्रभावित हुई है। इससे वहां रोजाना जाम की स्थिति बन रही है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि किसी विभाग की जमीन पर निर्माण से पहले संबंधित विभाग से अनुमति लेना जरूरी है। लेकिन मानगो फ्लाइओवर के मामले में पहले निर्माण कर दिया गया और अब जरूरी दस्तावेज और अनुमति की प्रक्रिया पूरी करने की बात सामने आ रही है।

विधायक ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से बातचीत की। उन्होंने पूछा कि वन विभाग के डीएफओ की ओर से मांगे गए आवश्यक दस्तावेज अब तक उपलब्ध क्यों नहीं कराए गए। इस पर कार्यपालक अभियंता ने कहा कि वह पता कराएंगे कि वन विभाग ने कौन-कौन से दस्तावेज मांगे हैं।

इस पर सरयू राय ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब इतनी महत्वपूर्ण परियोजना पर काम चल रहा है तो विभाग को यह तक स्पष्ट नहीं है कि अनुमति के लिए कौन-कौन से दस्तावेज देने हैं। उन्होंने इसे विभागीय कार्यप्रणाली की गंभीर कमी बताते हुए कहा, “गाड़ी को घोड़े के आगे रख दिया गया है, ऐसे में विकास का काम कैसे चलेगा।”

सरयू राय ने कहा कि फ्लाइओवर शहर के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, लेकिन विकास कार्य के नाम पर नियम-कानून की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। वन विभाग की जमीन से संबंधित सभी जरूरी अनुमति और क्लियरेंस पहले लिए जाने चाहिए थे।

उन्होंने कहा कि पायल सिनेमा के पास रैंप बनने से यातायात प्रभावित हो रहा है। वह मामले को गंभीरता से देख रहे हैं और संबंधित विभागों के अधिकारियों से बातचीत कर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके।

बालीगुमा पानी टंकी को लेकर भी उठाए सवाल

निरीक्षण के दौरान सरयू राय ने बालीगुमा की पानी टंकी का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पानी की टंकी करीब छह साल से तैयार है, लेकिन अब तक मुख्य पाइपलाइन से उसे नहीं जोड़ा गया है। इसके कारण करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि एक ओर मानगो में लोग पानी की समस्या से परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर तैयार पानी टंकी में जलापूर्ति पहुंचाने की व्यवस्था नहीं हो सकी है।

सरयू राय ने आरोप लगाया कि जयपाल कॉलोनी के रास्ते गली से पाइपलाइन बिछाने का प्रयास किया गया, जबकि आगे कृषि विभाग की जमीन होने के कारण वहां से पाइपलाइन ले जाने के लिए आवश्यक अनुमति का सवाल उठ रहा है।

उन्होंने सरकार से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि छह साल से तैयार पानी टंकी को अब तक मुख्य जलापूर्ति व्यवस्था से क्यों नहीं जोड़ा गया। साथ ही पाइपलाइन बिछाने में संबंधित विभागों से अनुमति लेने की प्रक्रिया की भी जांच होनी चाहिए।

सरयू राय ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, मानगो नगर निगम और एनएचएआई की भूमिका की भी जांच की मांग की, ताकि परियोजनाओं में सामने आ रही खामियों की जिम्मेदारी तय हो सके।

Read also – Ranchi News : झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व जस्टिस अपरेश कुमार सिंह सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त

Related Articles

Leave a Comment