
देवघर : झारखंड के देवघर जिला अंतर्गत जसीडीह थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह अपराधियों ने खुद को आयकर और जीएसटी अधिकारी बताकर राइस मिल मालिक से 40.50 लाख रुपये लूट लिए। अपराधियों ने पहले कारोबारी की बाइक को रोका और फिर अधिकारी होने का परिचय देकर उन्हें अपनी स्कॉर्पियो कार में बैठा लिया। इसके बाद सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट की और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। वारदात के बाद अपराधी कारोबारी को बिहार के जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में उतारकर फरार हो गए।
घटना में बिहार के बांका जिले के चांदन स्थित श्याम राइस मिल के मालिक श्याम सर्राफ उर्फ विक्की को निशाना बनाया गया। बताया जा रहा है कि वह 40.50 लाख रुपये लेकर कोलकाता जाने के लिए निकले थे। उन्हें जसीडीह स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस पकड़नी थी।
जसीडीह स्टेशन जाते समय अपराधियों ने रोकी बाइक
जानकारी के अनुसार, श्याम सर्राफ शनिवार सुबह करीब नौ बजे राइस मिल से 40.50 लाख रुपये लेकर कोलकाता जाने के लिए निकले थे। जसीडीह स्टेशन पहुंचने के लिए वह एक परिचित के साथ बाइक से जा रहे थे। करीब 10 बजे दर्दमारा सीमा क्षेत्र पार करने के बाद स्कॉर्पियो सवार पांच अपराधियों ने उनकी बाइक रोक दी। बताया जा रहा है कि वाहन में चालक समेत पांच लोग मौजूद थे। इनमें से दो अपराधियों ने खुद को आयकर और जीएसटी विभाग का अधिकारी बताया।
अपराधियों ने श्याम सर्राफ को अपनी स्कॉर्पियो में बैठा लिया, जबकि उनके साथ बाइक पर जा रहे परिचित को वापस भेज दिया। इसके बाद अपराधी कारोबारी को लेकर आगे बढ़ गए।
टाभाघाट के पास सुनसान जगह पर की मारपीट
बताया जा रहा है कि अपराधी श्याम सर्राफ को टाभाघाट के पास एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उनके साथ मारपीट की गई और रुपयों से भरा बैग छीन लिया गया।
रुपये लेने के बाद अपराधी उन्हें लेकर बिहार की ओर बढ़ने लगे। कुछ दूरी तय करने के बाद चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के चिहराढ़ाड़ी जंगल के पास श्याम सर्राफ को स्कॉर्पियो कार से उतार दिया गया। इसके बाद सभी अपराधी 40.50 लाख रुपये लेकर मौके से फरार हो गए।
112 पर फोन कर बिहार पुलिस को दी सूचना
अपराधियों के चले जाने के बाद पीड़ित ने 112 नंबर पर फोन कर बिहार पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और श्याम सर्राफ को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
प्रारंभिक पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात की शुरुआत देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र से हुई थी। इसके बाद बिहार पुलिस पीड़ित को लेकर जसीडीह थाना पहुंची और देवघर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
देवघर और बिहार पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद जसीडीह थाना की पुलिस और झाझा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो कार और आरोपियों की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अपराधियों को कारोबारी के पास इतनी बड़ी रकम होने की जानकारी कैसे मिली।

