Home » Prince Khan Gang : कोयलांचल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रिंस खान और राहुल दुबे गैंग के 4 गुर्गों को दबोचा

Prince Khan Gang : कोयलांचल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रिंस खान और राहुल दुबे गैंग के 4 गुर्गों को दबोचा

रंगदारी के लिए फायरिंग-बमबारी करने वाले 4 अपराधी गिरफ्तार, हथियार और बम बरामद। पुलिस पर हमला कर भाग रहा था अपराधी के पैर में लगी गोली।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

​रामगढ़ : कोयलांचल में बेखौफ घूम रहे अपराधियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हजारीबाग और रामगढ़ जिले में एक बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान और राहुल दुबे गिरोह से जुड़े 4 खतरनाक सदस्यों को धर दबोचा। इनके पास से पुलिस ने देशी पिस्टल, कारतूस और बम बरामद किए हैं।

​पकड़े गए आरोपियों में ​अंकित कुमार पांडेय (पिपराडीह, बड़कागांव), ​ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल (शिवाड़ीह, बड़कागांव), ​कुणाल कुमार पांडेय (पतरातू, रामगढ़) एवं ​करमा कुमार साहू (पतरातू बाजार, रामगढ़) शामिल हैं।

एक अपराधी के पैर में लगी गोली

​हजारीबाग एसपी ने पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद की अगुवाई में एक विशेष टीम (एसआईटी) बनाई गई थी। 7 अगस्त को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अंकित कुमार पांडेय को पकड़ा। उसके मोबाइल से पता चला कि वह टेलीग्राम ऐप के जरिए सीधे गैंगस्टर प्रिंस खान और राहुल दुबे के संपर्क में था।

​अंकित ने 25 जुलाई को ट्रांसपोर्ट रोड पर हुई फायरिंग में अपनी संलिप्तता कबूल की। जब पुलिस अंकित को पिपराडीह स्थित एक बंद गैस प्लांट के पास छिपाए गए हथियार बरामद करने ले गई, तो उसने पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो अंकित के बाएं पैर में लगी और वह पकड़ा गया।

​सोशल मीडिया से सप्लाई होते थे हथियार और बम

​पूछताछ में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पतरातू का रहने वाला करमा कुमार साहू सोशल मीडिया के माध्यम से इस गिरोह से जुड़ा था और उन्हें अवैध हथियार और बम सप्लाई करता था। करमा की निशानदेही पर पुलिस ने गिद्दी के साधुकुटिया जंगल से छिपाकर रखे गए बम और पिस्टल की मैगजीन बरामद की।

व्यापारियों में खौफ फैलाकर वसूलते थे रंगदारी

​यह गिरोह कोयला कारोबारियों, ठेकेदारों और स्थानीय व्यापारियों पर फायरिंग और बमबारी करवाकर खौफ पैदा करता था, ताकि उनसे मोटी रंगदारी वसूली जा सके। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की बाकी कड़ियों को तलाशने में जुटी है और मामले से जुड़े अन्य बदमाशों की धरपकड़ जारी है।

इस सफल ऑपरेशन में बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, इंस्पेक्टर शाहिद रजा, दरोगा दीपक सिंह, इकबाल हुसैन, वेदप्रकाश पांडेय समेत तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।

Read Also: Chaibasa News : डालसा की मदद से यूपी के भटके फूलदेव को मिला परिवार, डेढ़ साल बाद भाई से मिला 

 

Related Articles