
रांची : JPSC और JSSC परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों का आंदोलन और तेज होता जा रहा है। आंदोलनकारियों को कई राजनीतिक दलों एवं संगठनों का साथ मिल रहा है।
छात्रों का धरना स्थल रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल छात्रों से मुलाकात कर चुका है, वहीं सिटीजन फॉर जस्टिस एंड पीस (CJP) की टीम ने भी धरनास्थल पहुंचकर आंदोलन के प्रति एकजुटता जताई है। दोनों संगठनों ने छात्रों की मांगों को लेकर उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया है।

आंदोलन को समर्थन देने के लिए झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अगवाई में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल धरना स्थल पहुंचा और प्रदर्शनकारी युवाओं से बातचीत की। छात्रों से मुलाकात के बाद आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि युवाओं की ताकत ही सबसे बड़ी ताकत होती है। सरकार को जनता ने रोजगार देने के लिए चुना है, न कि युवाओं का भविष्य छीनने के लिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर युवा दिन-रात भूखे-प्यासे सड़कों पर बैठे हैं, लेकिन सरकार उनके साथ लगातार अन्याय कर रही है।
राहुल गांधी को सीधी चुनौती
बीजेपी अध्यक्ष ने इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को घेरते हुए कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अगर वाकई युवाओं के साथ हैं, तो वे अपनी सहयोगी झारखंड सरकार से बात करके इस पूरे मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराएं।
आदित्य साहू ने चुनौती दी कि अगर राज्य सरकार सीबीआई जांच कराने को तैयार नहीं होती, तो कांग्रेस को तुरंत सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए और छात्रों के साथ धरने पर बैठना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन भी राज्यों में कांग्रेस या उसके सहयोगियों का शासन है, वहां युवाओं को सिर्फ निराशा और अत्याचार ही मिला है।
सीजेपी ने ली आंदोलन में एंट्री
उधर मानवाधिकार संगठन ‘सिटीजन फॉर जस्टिस एंड पीस’ (CJP) ने इस आंदोलन में सीधी एंट्री लेते हुए छात्रों के सुर में सुर मिलाया है। सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने धरनास्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी छात्रों से सीधे बातचीत की और उनके पूरे आंदोलन का ब्योरा लिया। संगठन की ओर से रांची पहुंचे नेशनल कोऑर्डिनेटर मुकेश और अक्षय शिंदे ने साफ कर दिया कि यह लड़ाई सिर्फ रांची तक सीमित नहीं रहेगी।
खास बात यह है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े-बड़े आंदोलनों की कमान संभाल चुके सीजेपी के कई अनुभवी साथी भी अब रांची पहुंच चुके हैं ताकि इस छात्र आंदोलन को सही दिशा और मजबूती दी जा सके।
खुला समर्थन का दिलाया भरोसा
CJP ने भरोसा दिया है कि जब तक अभ्यर्थियों की मांगें पूरी नहीं होतीं, वे मैदान छोड़कर नहीं हटेंगे। छात्र परीक्षाओं में धांधली की निष्पक्ष जांच और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता लागू करने की जिद पर अड़े हैं। राष्ट्रीय स्तर के संगठन का साथ मिलने से अब अभ्यर्थियों का हौसला और बुलंद हो गया है।लेकर उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया है।

