
रांची : लंबे समय से प्रतीक्षित झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की नई मानव संसाधन नीति लागू होने पर राज्यभर से रांची पहुंचे जेएसएलपीएस कर्मियों ने ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का आभार जताया। कर्मियों ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्य के साथ मंत्री का स्वागत किया। नीति लागू होने से कर्मियों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
नई मानव संसाधन नीति के लागू होने से जेएसएलपीएस में करीब 1300 अतिरिक्त पदों पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इससे संस्था में मानव संसाधन की कमी दूर करने, कार्यक्षमता बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। साथ ही राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
इस मौके पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि जेएसएलपीएस कर्मियों की भूमिका ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने और सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण है। वर्तमान में झारखंड में 32 लाख से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं। उनके आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण में जेएसएलपीएस कर्मियों का अहम योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि नई मानव संसाधन नीति कर्मियों के मनोबल और कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ संस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और वित्त मंत्री के प्रति आभार जताया। साथ ही जेएसएलपीएस कर्मियों को उनके निरंतर प्रयास और लंबे इंतजार के दौरान धैर्य बनाए रखने के लिए धन्यवाद दिया।
मंत्री ने कहा कि मानव संसाधन नीति लागू होने के साथ कर्मियों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। अब उन्हें और अधिक समर्पण के साथ ग्रामीण महिलाओं को आजीविका, सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास और महिला उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने का काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सशक्त जेएसएलपीएस, सशक्त महिलाएं और सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था झारखंड के विकास की मजबूत नींव हैं।
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि जेएसएलपीएस की पहचान उसके महिला स्वयं सहायता समूहों से है। जेएसएलपीएस कर्मियों के लिए लिया गया यह निर्णय उनके सुरक्षित भविष्य और रोजगार के लिहाज से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसा निर्णय पहले कभी नहीं हुआ और शायद भविष्य में भी ऐसा होना मुश्किल होगा। कार्यक्रम में पाकुड़ विधायक निशात आलम, कांग्रेस नेत्री रमा खलखो सहित जेएसएलपीएस के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

