Home » JSSC : क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा में 25504 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित, 90 केंद्रों पर 14,336 ने दी परीक्षा

JSSC : क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा में 25504 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित, 90 केंद्रों पर 14,336 ने दी परीक्षा

JSSC : परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटा पहले ही केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रवेश से पहले दस्तावेजों की जांच और सुरक्षा जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया।

by Birendra Ojha
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को राज्यभर के 90 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीन पालियों में आयोजित हुई। परीक्षा के लिए कुल 39,840 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। सभी केंद्रों पर समय से पहले अभ्यर्थियों की जांच कर प्रवेश कराया गया और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

पहली पाली की परीक्षा सुबह 8.30 बजे से 10.30 बजे तक हुई, जिसमें 14,340 अभ्यर्थी शामिल हुए। दूसरी पाली दोपहर 11.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक आयोजित की गई, जिसमें भी 14,340 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। तीसरी और अंतिम पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चली, जिसमें 14,336 (35.9 प्रतिशत) अभ्यर्थी शामिल हुए। आयोग की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई।

परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटा पहले ही केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रवेश से पहले दस्तावेजों की जांच और सुरक्षा जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। कुछ ने पेपर को सामान्य स्तर का बताया, जबकि कई अभ्यर्थियों ने कुछ प्रश्नों को अपेक्षाकृत कठिन बताया। कुल मिलाकर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

गहन चेकिंग के बाद मिली इंट्री

परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए सभी अभ्यर्थियों को गहन चेकिंग के बाद केंद्र में इंट्री मिली। इस दौरान मेटल डिटेक्टर मशीन लगाए गए थे। सबकी बायोमीट्रिक हाजिरी ली गई। पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की नजर में संपन्न हुई। चेकिंग की सभी प्रक्रिया सही ढंग से और समय पर पूरी हो इसके लिए परीक्षार्थियों को एक घंटा पहले इंट्री दी गयी। इसके अलावा जिला प्रशासन के आला अधिकारियों ने भी परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया।

ट्राइबल लैंग्वेज ने किया परेशान

जेएसएससी परीक्षा की पहली पाली शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। पहली पाली में भाषा का पेपर था, जिसमें हिंदी और अंग्रेजी से प्रश्न पूछे गए। दूसरे पेपर में क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषाओं से संबंधित सवाल शामिल थे, जबकि तीसरे पेपर में सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे गए। परीक्षा देकर बाहर निकले अधिकांश अभ्यर्थियों ने बताया कि क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषा का पेपर अपेक्षाकृत कठिन था। वहीं हिंदी, अंग्रेजी और सामान्य ज्ञान के प्रश्नों का स्तर सामान्य से मध्यम रहा।

अभ्यर्थियों के अनुसार कुल मिलाकर प्रश्नपत्र का स्तर औसत था। हालांकि उनका मानना है कि प्रश्नों का स्तर अपेक्षाकृत आसान होने के कारण इस बार कट-ऑफ अधिक जा सकती है। टेल्को स्थित हिलटॉप स्कूल परीक्षा केंद्र से बाहर निकलने वाले अभ्यर्थियों ने कहा कि प्रतियोगिता कड़ी रहेगी और अच्छे अंक लाने वालों के बीच ही चयन की संभावना अधिक है।

Read Also: Jamshedpur News : MGM अस्पताल के होमगार्ड जवानों को मिलेगी बड़ी राहत, पांच माह का बकाया वेतन कल होगा जारी

Related Articles

Leave a Comment