
Patamda : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा में कथित लापरवाही से मरीज की मौत के मामले की जांच अब और तेज हो गई है। घटना को लेकर एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने सोमवार को जांच शुरू कर दी है। इसके तहत श्मशान घाट से राख का नमूना एकत्र कर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी डॉ. राजीव कुमार सिंह की शिकायत के आधार पर 108 एंबुलेंस सेवा के क्लस्टर लीडर आलोक कुमार, एंबुलेंस चालक निलेश कुमार और तकनीशियन सुजीत कुमार के खिलाफ पटमदा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जोड़सा गांव पहुंचे पटमदा थाना प्रभारी
सोमवार को पटमदा थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता जांच के लिए जोड़सा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक संतोष कुंभकार के परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था और गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
इसके बाद पुलिस टीम श्मशान घाट पहुंची और वहां से राख के नमूने एकत्र किए। थाना प्रभारी ने बताया कि नमूनों को वैज्ञानिक जांच के लिए रांची स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एजेंसी को दी गई नोटिस
उधर, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन करने वाली एजेंसी को नोटिस जारी करते हुए दो दिनों के भीतर घटना पर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच पुलिस और स्वास्थ्य विभाग अपने-अपने स्तर पर कर रहे हैं।

