
jamshedpur : टिमकेन इंडिया लिमिटेड के कर्मचारियों का तीन वर्षों के लिए नया वेतन समझौता (वेज रिवीजन एग्रीमेंट) सोमवार को कंपनी प्रबंधन और यूनियन के बीच डिप्टी लेबर कमिश्नर अरविंद कुमार की उपस्थिति में संपन्न हो गया। यह समझौता 1 मई 2026 से 30 अप्रैल 2029 तक प्रभावी रहेगा और इससे कंपनी के करीब 200 कर्मचारी लाभान्वित होंगे। कर्मचारियों के बेसिक वेतन में औसतन 3,572 प्रतिमाह की वृद्धि
समझौते के तहत कर्मचारियों के मासिक वेतन में औसतन 11,150 की वृद्धि होगी। वहीं, तीन वर्षों की अवधि में कर्मचारियों को न्यूनतम 18,817 तथा अधिकतम 22,708 तक वेतन वृद्धि का लाभ मिलेगा। समझौते के अनुसार कर्मचारियों के बेसिक वेतन में औसतन 3,572 प्रतिमाह की वृद्धि की गई है। इसके अलावा हाउस रेंट, कन्वेंस और यूनिफॉर्म भत्ते में कुल 6,977 प्रतिमाह की बढ़ोतरी की गई है, जबकि पीएफ और ग्रेच्युटी मद में 601 प्रतिमाह की अतिरिक्त वृद्धि होगी। मई और जून 2026 का एरियर जुलाई माह के वेतन के साथ भुगतान किया जाएगा। समझौते पर इन्होंने की हस्ताक्षर
स मझौते पर प्रबंधन की ओर से कंपनी के डायरेक्टर राजीव शाश्वत, प्लांट जनरल मैनेजर हिमांशु मिश्रा, एजीएम (एचआर) दिनेश सिंह, डिविजनल मैनेजर (ऑपरेशन) निशांत कुमार, डिप्टी प्लांट कंट्रोलर रौनक भाटिया, डिविजनल मैनेजर मनीष शर्मा, सीनियर मैनेजर (मेंटेनेंस) अतनु राय तथा मैनेजर (एम्प्लॉयी रिलेशंस) अभिषेक हर्षदीप ने हस्ताक्षर किए। यूनियन की ओर से अध्यक्ष आस्तिक महतो, महासचिव विजय यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। यूनियन अध्यक्ष और महामंत्री ने दी बधाई
समझौते के बाद यूनियन अध्यक्ष आस्तिक महतो और महासचिव विजय यादव ने इसे कर्मचारियों के हित में एक ऐतिहासिक वेतन समझौता बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता कर्मचारियों के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ औद्योगिक सौहार्द को भी मजबूती देगा। यूनियन ने समय पर समझौता संपन्न कराने के लिए कंपनी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

