
Jamshedpur : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के पुराने एमजीएम अस्पताल के पास स्थित एक दुकान से सोमवार की रात लगभग नौ बजे कुछ बदमाशों ने रंगदारी की मांग की है। दुकानदार का आरोप है कि बदमाश चापड़ लेकर आए थे। चापड़ दिखाकर रंगदारी मांगी और धमकी देकर चले गए हैं।
बदमाशों ने धमकी दी है कि अगर रंगदारी नहीं मिली तो वह चापड़ से हमला कर देंगे। दुकानदार का आरोप है कि बदमाश कई दिनों से बराबर दुकान पर आकर रंगदारी की मांग कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुकानदार से पूछताछ की और शिकायत के आधार पर सीतारामडेरा थाना पुलिस बस्ती में पहुंची। यहां से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया।

इस दुकानदार से मांगी गई रंगदारी।
युवक को जीप में नहीं बैठाने दे रही थीं महिलाएं
युवक को लेकर पुलिस जीप में बैठा रही थी तभी 10-12 महिलाओं ने युवक को हिरासत में लिए जाने का विरोध करते हुए धावा बोल दिया। इस युवक के हिरासत में लिए जाने का जमकर विरोध किया गया। महिलाओं का कहना है कि युवक निर्दोष है। उसे बेवजह फंसाया जा रहा है। पुलिस और महिलाओं के बीच लगभग आधा घंटा तक रस्साकशी चलती रही। इस बीच पत्थर भी फेंके गए।
काफी जद्दोजहद के बाद युवक को हिरासत में लेने में कामयाब हुई पुलिस
आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस युवक को जीप में बैठा कर थाना ले जाने में कामयाब हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

