
Chatra : झारखंड के चतरा जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के घंघरी गांव में मंगलवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव चतरा-डोभी मुख्य मार्ग एनएच-22 के किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतक की पहचान घंघरी गांव निवासी मुकेश यादव के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर से गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने घंघरी के पास चतरा-डोभी मुख्य मार्ग एनएच-22 को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से चतरा से बिहार के गया सहित अन्य रूटों पर चलने वाले छोटे और बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।
प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। सूचना मिलते ही वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच जारी है।
Read also – Ranchi News : साइबर ठगों के नए हथकंडों से रहें सावधान, AI और डीपफेक के दौर में ऐसे करें अपनी डिजिटल सुरक्षा

