Home » Jamshedpur Crime: एमजीएम अस्पताल में 6 घंटे में 4 मोबाइल और 10 हजार रुपये चोरी, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध युवक

Jamshedpur Crime: एमजीएम अस्पताल में 6 घंटे में 4 मोबाइल और 10 हजार रुपये चोरी, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध युवक

अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे हैं सवाल, हो रही हैं लगातार चोरी की घटनाएं

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur MGM Hospital
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में महज छह घंटे के भीतर लगातार हुई चोरी की चार घटनाओं ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की शिकायतों पर अस्पताल प्रबंधन के कान खड़े हो गए हैं। अस्पताल अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। पीड़ितों ने भी पुलिस को घटना की सूचना दे दी है।

बताया जा रहा है कि रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक अलग-अलग वार्डों से चार मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद चोरी होने की शिकायत सामने आई है। सभी पीड़ितों ने एमजीएम थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की तलाश में जुट गई है।

गौरतलब है कि बोड़ाम प्रखंड के नूतनडीह गांव की रहने वाली रूपाली महतो अस्पताल के गायनिक वार्ड के तीसरे तल्ले पर भर्ती हैं। रविवार रात करीब 12:30 बजे उनका करीब 19 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल चोरी हो गया। उनके पति दुलाल महतो ने अस्पताल अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई। फुटेज में एक युवक वार्ड में प्रवेश कर मोबाइल लेकर बाहर निकलता दिखाई दिया।

एमजीएम अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे

एमजीएम अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद संदिग्ध युवक

दूसरी घटना सोमवार सुबह करीब छह बजे ग्राउंड फ्लोर पर हुई। ईचागढ़ थाना क्षेत्र के मैसाड़ा गांव निवासी मनसा गोप ने बताया कि वह बाथरूम में मुंह धोने गए थे और मोबाइल स्लैब पर रख दिया था। इसी दौरान चोर मोबाइल लेकर फरार हो गया। मोबाइल के कवर में रखे 10 हजार रुपये नकद भी गायब हो गए। मनसा गोप ने बताया कि उनकी पत्नी 15 जुलाई से अस्पताल में भर्ती हैं और चोरी के बाद उनके पास खाने तक के पैसे नहीं बचे, जिसके कारण उन्हें 500 रुपये उधार लेने पड़े।

तीसरी घटना बिष्टुपुर निवासी मरीज संजय डालमिया के परिजनों के साथ हुई। उनकी पत्नी सोनिया डालमिया का मोबाइल चौथे तल्ले के वार्ड से चोरी हो गया। मोबाइल चार्जिंग पर लगा था। रात 12:07 बजे एक युवक वार्ड में घुसा और मोबाइल लेकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में वही संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिस पर अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल होने का शक जताया जा रहा है।

अस्पताल में एक अन्य मरीज के परिजन का मोबाइल चोरी होने की भी चर्चा है, हालांकि इस मामले में अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है। लोगों ने अस्पताल प्रशासन से वार्डों की सुरक्षा बढ़ाने, रात्रि गश्त तेज करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है। इधर एमजीएम थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।

Read also Ranchi News: रांची रेलवे स्टेशन पर RPF ने 12 किलो गांजा के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार, नाबालिग बालिका का सुरक्षित रेस्क्यू

Related Articles

Leave a Comment