Home » West singhbhum news : पश्चिमी सिंहभूम में एक ही परिवार के चार सदस्य लापता, जांच में जुटी पुलिस

West singhbhum news : पश्चिमी सिंहभूम में एक ही परिवार के चार सदस्य लापता, जांच में जुटी पुलिस

मायके जाने की बात कह कर अपने तीन बच्चों के साथ घर से निकली थी पत्नी, गायब होने से मचा हड़कंप, पति ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कोटुवां गांव से एक ही परिवार के चार सदस्य मां और उनके तीन बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पीड़ित पति अनिल प्रधान ने चक्रधरपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर पुलिस से न्याय और अपने परिवार की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।

मायके जाने के बहाने घर से निकली थी महिला

पीड़ित अनिल प्रधान द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, यह घटना 11 जुलाई 2026 की है। सुबह करीब 10 बजे उनकी 35 वर्षीय पत्नी फुलना देवी अपने तीन बच्चों के साथ घर से निकली थीं। बच्चों में बड़ी बेटी सुमन प्रधान 14 वर्ष, छोटी बेटी दीपिका प्रधान 8 वर्ष और मासूम बेटा पियुष प्रधान 5 वर्ष शामिल हैं। फुलना देवी ने घर से निकलते वक्त बताया था कि वह अपने मायके (लाउजोडा गोपीनाथपुर) जा रही हैं।

आखिरी कॉल और रहस्यमयी खामोशी

अनिल प्रधान ने बताया कि 11 जुलाई की शाम करीब 5 बजे उनकी पत्नी से मोबाइल पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। फोन पर फुलना ने कहा था कि वह सकुशल अपनी मां के घर पहुंच चुकी है और अब बच्चे के लिए दवा लाने की कोई जरूरत नहीं है। लेकिन इस बातचीत के बाद से ही महिला का मोबाइल बंद हो गया। जब 13 जुलाई को अनिल ने दोबारा संपर्क साधने की कोशिश की, तो कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर जब अनिल ने अपने ससुराल फोन किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि फुलना और बच्चे वहां पहुंचे ही नहीं थे। इसके बाद रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिसिया कार्रवाई और परिजनों की चिंता

लगातार तलाश के बाद भी जब कोई अता-पता नहीं चला, तो हताश पति ने चक्रधरपुर थाना प्रभारी को आवेदन देकर मामले की गंभीरता से जांच करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस का बयान

चक्रधरपुर थाना पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। लापता महिला और बच्चों की तलाश के लिए पुलिस मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं को खंगाल रही है।

फिलहाल, घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग न मिलने से पीड़ित परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। सभी भगवान से उनकी सकुशल वापसी की दुआ कर रहे हैं।

Read Also Chaibasa news : नाबालिग से दुष्कर्म व पिता की हत्या के दोषी को उम्रकैद की सजा

Related Articles

Leave a Comment