
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड के पांडुकी गांव में हो समाज की आस्था के प्रमुख केंद्र देशाउली (बोंगा-बुरु पूजा स्थल) का पारंपरिक रीति-रिवाज से ‘जाते-परचि’ (शुद्धिकरण) किया गया। ग्राम के दिउरी और सहयोगी दिउरियों के नेतृत्व में हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में गांव के मानकी, मुंडा, बुजुर्ग और युवाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान सभी ने देशाउली की पवित्रता और सुरक्षा का सामूहिक संकल्प लिया।
सामाजिक गरिमा और धरोहर की रक्षा का आह्वान
शुद्धिकरण अनुष्ठान के बाद आयोजित बैठक में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड ने कहा कि देशाउली केवल एक पूजा स्थल नहीं, बल्कि हो समाज की संस्कृति, परंपरा और पूर्वजों की अमूल्य धरोहर है। इसकी रक्षा करना हर समाजजन का नैतिक कर्तव्य है ताकि आने वाली पीढ़ियों तक इस सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित पहुंचाया जा सके।
असामाजिक गतिविधियों पर जताई चिंता
बैठक में ग्रामीणों ने देशाउली परिसर में बाहरी लोगों के अनावश्यक प्रवेश और नशीले पदार्थों के सेवन जैसी असामाजिक गतिविधियों पर गहरी चिंता व्यक्त की। युवा महासभा के जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा ने कहा कि ऐसी घटनाओं से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने इस तरह के कृत्यों पर तुरंत रोक लगाने और धार्मिक स्थलों का सम्मान करने की अपील की।
सामूहिक सहयोग से बांस की घेराबंदी
सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से एक अनूठा निर्णय लिया। गांव के प्रत्येक परिवार द्वारा देशाउली के लिए एक-एक बांस दान किया गया, जिससे पूरे पूजा स्थल की मजबूत घेराबंदी की गई। इसके साथ ही परिसर की नियमित साफ-सफाई और देखरेख की जिम्मेदारी भी ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से ली। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में जरूरत पड़ने पर इस पवित्र स्थल की सुरक्षा के लिए प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा।
प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन में पांडुकी ग्राम के दिउरी जाम्बिरा बिरुवा (उर्फ भोले), मानकी-मुंडा संघ के केंद्रीय अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा, आदिवासी हो समाज युवा महासभा के पूर्व अध्यक्ष भूषण पाट पिंगुवा, महासचिव गब्बर सिंह हेम्ब्रम, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द बिरुवा, जिला सचिव ओयबन हेम्ब्रम, नंदलाल पिंगुवा, मनीष बिरुवा, प्रदीप बिरुवा, मुंडा बिरुवा और हरीश बिरुवा सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
Read Also Chaibasa news : सोनम वांगचुक के समर्थन में कोल्हान आदिवासी युवा शक्ति ने निकाली बाइक रैली

