
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहाँ पेट्रोल पंप के समीप विज्ञापन का होर्डिंग लगाने के दौरान एक युवक हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आने से युवक बुरी तरह झुलस गया है, जिससे उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
चश्मदीदों के मुताबिक, युवक एक पेट्रोल पंप के पास ऊंचे स्थान पर बैनर और होर्डिंग बांधने का काम कर रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन की जद में आ गया। तेज करंट लगते ही युवक चीखते हुए एक दुकान के छज्जा पर आ गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन फानन में काफी मशक्कत के बाद उसे छज्जा से नीचे उतारा गया।
स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से बची जान
हादसे के फौरन बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तत्परता दिखाई। उन्होंने तुरंत बिजली विभाग से संपर्क कर विद्युत आपूर्ति ठप करवाई। इसके बाद लहूलुहान और झुलसी हालत में युवक को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया।
गंभीर हालत में जमशेदपुर रेफर
अस्पताल के चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम (MGM) अस्पताल रेफर कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
सुरक्षा नियमों को लेकर लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है। लोगों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि शहर में जिन जगहों पर हाई टेंशन तार काफी नीचे लटक रहे हैं, वहां सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएं। व्यावसायिक होर्डिंग और निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए। मुफ्फसिल थाना पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
Read Also Chaibasa news : मांगीलाल रूंगटा +2 उच्च विद्यालय में वार्षिकोत्सव को लेकर खेलकूद प्रतियोगिता शुरु

