गिरिडीह : गिरिडीह साइबर थाना पुलिस ने बेगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली मोड़ पर छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अपराधियों में गांडेय थाना क्षेत्र के पंदनाटाड़ निवासी साहिल अंसारी (19), नजमुल अंसारी (23) और बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पुर्री निवासी प्रमोद यादव (30) शामिल हैं। पुलिस ने इन अपराधियों के पास से सात मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और एक बाइक बरामद की है।
प्रतिबिंब पोर्टल से हुआ खुलासा
साइबर डीएसपी आबिद खान ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि गिरिडीह एसपी को प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से सूचना मिली थी कि खंडोली मोड़ पर कुछ साइबर अपराधी धोखाधड़ी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एसपी ने एक विशेष टीम का गठन किया और पुलिस ने सटीक कार्रवाई करते हुए तीनों साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया।
डीएसपी ने बताया कि जांच में यह सामने आया कि ये अपराधी खुद को बैंक अधिकारी बताकर केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों को फर्जी एपीके फाइल भेजते थे, जिससे वे बैंक खातों की जानकारी चुराकर ठगी करते थे। इसके अलावा, ये अपराधी कोरोना वैक्सीन लगवाने के बदले 10,000 रुपये की सरकारी सहायता का झांसा देकर भी लोगों से ठगी करते थे।
मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने इन अपराधियों के गिरोह को पकड़े जाने के बाद साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं को लेकर और कड़ी कार्रवाई करने की योजना बनाई है।

