
धनबाद : बिशनपुर इलाके में शुक्रवार अहले सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बिजली के ट्रांसफार्मर से उठी शॉर्ट सर्किट की चिंगारी ने पास खड़े एक ट्रेलर कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में गाड़ी में लदा लाखों रुपये का गुटखा जलकर खाक हो गया, जबकि चालक और खलासी बुरी तरह झुलस गए।
गुरुवार रात गुटखे से भरा कंटेनर बिशनपुर में एक ट्रांसफार्मर के ठीक पास खड़ा किया गया था। तड़के ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली आग ने देखते ही देखते पूरे कंटेनर को घेर लिया।
अवैध गुटखा बरामद
आग बुझने के बाद जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो उसमें ‘डायरेक्टर’ ब्रांड का भारी मात्रा में अवैध गुटखा बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि जिस परिसर में गाड़ी खड़ी थी, वहां लंबे समय से गुटखे का काला धंधा चल रहा था।
चालक-खलासी की हालत नाजुक: लपटों में घिरे ड्राइवर और खलासी को तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है और स्थिति गंभीर बनी हुई है।
दमकल ने पाया काबू: सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अवैध गोदाम चलाने वालों व गुटखे के मालिकों की तलाश की जा रही है।

