
बोकारो : बोकारो जिले में बुधवार की सुबह नावाडीह थाना क्षेत्र के कुकुरलीलवा गांव में एक सनकी पड़ोसी ने एक ही परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। मृतकों में एक दंपती और उसकी बहू शामिल है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से पकड़ लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमला इतना अचानक और हिंसक था कि आसपास मौजूद लोग भी तीनों की जान नहीं बचा सके। जानकारी के अनुसार, यह वारदात सुबह करीब 8 बजे नावाडीह थाना से लगभग ढाई किलोमीटर दूर हुई। हत्या का आरोप गांव के ही पड़ोसी राजू सिंह पर लगा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने सबसे पहले वृद्ध महिला पर कुल्हाड़ी से हमला किया। महिला को बचाने के लिए उसका पति आगे आया तो उसके सिर और गर्दन पर कई वार किए। इसके बाद बहू ने बीच-बचाव का प्रयास किया, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। इस संबंध में बेरमो के डीएसपी रविंद्र सिंह ने बताया कि पति जानकी महतो और पत्नी सुगिया देवी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि बहू गौरी देवी गंभीर रूप से घायल थी, उसे इलाज के लिए पुलिस ने अस्पताल भेजा था। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कुछ समय तक शव सड़क पर ही पड़े रहे। आरोपी वहीं टांगी लेकर घूमता रहा, लेकिन डर के मारे कोई उसे पकड़ने नहीं गया। जो भी उसके सामने आता, वह टांगी लेकर मारने के लिए दौड़ पड़ता।
पुलिस के सामने बहू पर हमला करने का दावा
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, उसी दौरान आरोपी ने बहू पर भी हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बहू धान का बिचड़ा लेकर खेत की ओर जा रही थी, तभी घर के बाहर सड़क पर आरोपी ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि घटना के प्रत्येक पहलू की पुष्टि की जा सके।
आरोपी के सनकी व्यवहार की चर्चा, पत्नी पर भी किया था हमला
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी राजू सिंह का व्यवहार लंबे समय से असामान्य है। उसने पहले भी अपने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की थी। बीते सप्ताह उसने अपनी पत्नी पर भी कथित रूप से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।

