
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब दिखने लगा है। शहर के ज्यादातर पेट्रोल पंपों पर तेल भराने के लिए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पंपों पर लगी लंबी कतारें
बुधवार को पेट्रोल पंपों पर तेल लेने के लिए हाहाकार मच गया। तेल के इंतजार में वाहन चालकों के साथ ड्राइवर, क्लीनर और आम लोग भी डिब्बे लेकर लंबी लाइन में लग गए। कई पंपों पर सुबह से ही भीड़ इकट्ठा हो गई थी। लोग घंटों इंतजार करने के बाद भी तेल नहीं मिलने से निराश लौट रहे हैं।
जरूरी कामकाज प्रभावित
वाहन चालकों का कहना है कि तेल की कमी से आवश्यक कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई लोगों के जरूरी काम रुक गए हैं। स्कूल वाहन, एंबुलेंस और मालवाहक गाड़ियों के पहिए थम गए हैं। एक ट्रक ड्राइवर ने बताया कि दो घंटे से लाइन में लगे हैं, लेकिन तेल नहीं मिल रहा है। इससे समय पर डिलीवरी नहीं हो पा रही है।
प्रशासन से राहत की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक तेल की किल्लत से दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बाजार में अफवाहों के कारण भी लोग ज्यादा तेल भराने पहुंच रहे हैं। इससे संकट और बढ़ गया है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई में कमी आई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों और आपूर्ति पर असर पड़ने से यह स्थिति बनी है। लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने और पर्याप्त तेल उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आम जनजीवन सामान्य हो सके।
Read Also: Chaibasa News : सारंडा में रिश्ते शर्मसार : छठीहार में आया जीजा, नवजात समेत भाभी को लेकर फरार

