
चतरा : झारखंड के चतरा जिला अंतर्गत सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित जबड़ा में नो एंट्री चेकनाका के पास मंगलवार को देर रात एक बाइक सवार को कोयला लदे डंपर ने रौंद डाला, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया। आनन फानन में इस घटना की सूचना सिमरिया थाना को दी गई। सूचना पाकर सिमरिया थाना की पुलिस दल-बल के साथ पहुंच कर शव को थाना ले आई।
जानकारी के अनुसार, जबड़ा पंचायत अंतर्गत संदली गांव निवासी प्रदीप बाखला (पिता स्वर्गीय सोहर बाखला) मजदूरी कर अपने घर लौट रहा था। तभी नो एंट्री चेकनका के पास वह एक कोयला लदे डंपर की चपेट में आ गया।
उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय प्रशासन, कोल ट्रांसपोर्टिंग एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार इस प्रकार हो रही सड़क दुर्घटना के बावजूद मौन रहने एवं मृतक के परिजनों को उचित क्षतिपूर्ति की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि कोल कंपनियों और ट्रांसपोर्टरों द्वारा सड़क से भारी मात्रा में कोयले का परिवहन किया जा रहा है परंतु उनके द्वारा नागरिक सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। स्थानीय प्रशासन भी इस और आज तक कोई ध्यान नहीं दिया। नो एंट्री खुलते ही कोल वाहनों की अचानक सड़कों पर बाढ़ आ जाती है, जिससे आए दिन स्थानीय लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीण स्थानीय सांसद, विधायक, पंचायत के जनप्रतिनिधियों सहित स्थानीय प्रशासन से कोल परिचालन के दौरान सड़कों में सुरक्षाकर्मी नियुक्त करने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कोल वाहनों को निर्देशित करने वाले गार्ड की नियुक्ति सड़कों पर तुरंत की जानी चाहिए, ताकि चालक वाहन को मनमाने तरीके से सड़कों पर ना दौड़ा सकें और उन्हें नियंत्रित कर परिचालन कराया जाए। अन्यथा सड़क से कोल ट्रांसपोर्टिंग बंद करा दी जाएंगी।
ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय प्रशासन अतिक्रमण को लेकर लगातार अभियान चला रही है, परंतु कोल वाहनों द्वारा आधी सड़क को दिनभर अतिक्रमण कर रखा जाता है। इसे देखने वाला कोई नहीं है। आधी सड़क से ही राहगीर और सभी वाहन गुजरते हैं, जिसमें रास्ता काफी संकरा हो जाता है। इसकी वजह से ही दुर्घटना हो रही है। ग्रामीणों ने जबड़ा नो एंट्री जोन को पेट्रोल पंप के आगे कर सुरक्षित जगह पर स्थापित करने की मांग की है, जहां सड़क का अतिक्रमण न हो।
Read Also- Chaibasa News : चाईबासा में पेट्रोल पंपों पर तेल का संकट, अमेरिका-ईरान तनाव का असर

