
Chatra : झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत चतरा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के हार्डकोर उग्रवादी नरेश गंझू उर्फ रविकांत को पुलिस ने लावालौंग थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। वह लंबे समय से पुलिस की तलाश में था और संगठन के शीर्ष नेतृत्व का करीबी माना जाता है।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार नरेश गंझू टीएसपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू का विश्वस्त सहयोगी रहा है और संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाता था। उसकी गिरफ्तारी को टीएसपीसी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में संगठन के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों, लेवी वसूली के तंत्र और अन्य सक्रिय उग्रवादियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
पुलिस ने उसके पास से एक हथियार भी बरामद किया है। फिलहाल उसे गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ की जा रही है। मामले में पुलिस जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा कर सकती है।

