Home » Jamshedpur Crime : छोटाबांकी डैम में किशोर डूबा, खरकई नदी और बोड़ाम में मिले शव

Jamshedpur Crime : छोटाबांकी डैम में किशोर डूबा, खरकई नदी और बोड़ाम में मिले शव

by Mujtaba Haider Rizvi
jamshedpur Crime
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार का दिन तीन अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं के कारण लोगों के लिए बेहद दुखद रहा। एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटाबांकी डैम में नहाने के दौरान एक किशोर गहरे पानी में डूब गया। वहीं बागबेड़ा थाना क्षेत्र में खरकई नदी से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। दूसरी ओर बोड़ाम थाना क्षेत्र के एक खेत से युवक का निर्वस्त्र शव मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। तीनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।

छोटाबांकी डैम में डूबा 17 वर्षीय किशोर

जानकारी के अनुसार, टेल्को थाना क्षेत्र के मनीफीट मंडल बस्ती निवासी 17 वर्षीय पिंजुश गिरि रविवार शाम अपने दो दोस्तों राहुल और होरो के साथ बाइक से छोटाबांकी डैम घूमने गया था। नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

साथियों की सूचना पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डिमना लेक से गोताखोरों को बुलाकर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। देर रात तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका था। बताया गया कि पिंजुश के पिता पिंटू गिरि पश्चिम बंगाल के बेलपहाड़ी के रहने वाले हैं और वर्तमान में मनीफीट में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

खरकई नदी से मिला अज्ञात युवक का शव

बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कुसुम घाट के पास ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने खरकई नदी से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव फूल चुका था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी।

पुलिस के अनुसार मृतक ने टी-शर्ट और लुंगी पहन रखी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

बोड़ाम में खेत से मिला युवक का शव

बोड़ाम थाना क्षेत्र में एक खेत से युवक का निर्वस्त्र शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कदमजोड़ा निवासी चिनवास महतो के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार चिनवास शनिवार को खेत की ओर गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। रविवार को उसका शव खेत के पानी में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Comment