
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में भारत फाइनेंस कंपनी के 18 ग्राहकों से 6 लाख 10 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने कंपनी के फील्ड एजेंट को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में कंपनी के ब्रांच मैनेजर अमित कुमार केसरी की शिकायत पर पोटका थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने बताया कि भारत फाइनेंस कंपनी की अंदरूनी जांच के दौरान वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि कंपनी में ऋण वितरण और ऋण वसूली का कार्य करने वाला फील्ड एजेंट भावेश लोहरा ग्राहकों से किस्त या जमा राशि विभिन्न बहानों से लेकर उसे कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय अपने पास रख लेता था। इस तरह उसने 18 ग्राहकों से कुल 6 लाख 10 हजार रुपये की हेराफेरी कर ली।
मामले की जानकारी मिलने के बाद ब्रांच मैनेजर ने पोटका थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भावेश लोहरा को गिरफ्तार कर लिया।
पोटका थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सरायकेला-खरसावां जिले के कांडरा थाना क्षेत्र का निवासी है और पोटका स्थित भारत फाइनेंस कंपनी में फील्ड एजेंट के पद पर कार्यरत था। उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस वित्तीय गड़बड़ी में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।

