
चाईबासा : विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर राजनगर प्रखंड के रिचीतुका गांव में आदिवासी प्रगति क्लब द्वारा एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खिताबी भिड़ंत एके हार्डगर और मेजबान एपीसी रिचीतुका के बीच हुई। मुख्य अतिथि सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने दोनों टीमों से मुलाकात की और किक मारकर फाइनल का शुभारंभ किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट हुआ, लेकिन फिर भी बराबरी बनी रही। अंत में रेफरी ने टॉस के जरिए फैसला किया, जिसमें एपीसी रिचीतुका को विजेता घोषित किया गया।
खेल से अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व की सीख मिलती: सांसद
पुरस्कार वितरण में सांसद जोबा माझी ने कहा कि खेल से अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व की सीख मिलती है। ग्रामीण इलाकों में इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा सामने लाने का बढ़िया जरिया हैं। फुटबॉल इस क्षेत्र के युवाओं की पहचान और जुनून से जुड़ा खेल है। जरूरत है कि गांव स्तर पर खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन और बेहतर मंच मिले, ताकि वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, मेहनत और नियमित अभ्यास जारी रखने की अपील की और कहा कि हार-जीत चलती रहती है, संघर्ष ही आगे बढ़ाता है। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए युवाओं को खेल में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
इनाम और मौजूदगी
अतिथियों के हाथों दोनों टीमों को नगद राशि, ट्रॉफी और खस्सी भेंट की गई। कार्यक्रम में झामुमो के वरिष्ठ नेता केपी सोरेन, भुगलु सोरेन, कृष्णा बास्के, रामजीत हांसदा, रामसिंह हेम्ब्रम, भूकतु मार्डी समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
Read Also World Tribal Day : झारखंड आदिवासी महोत्सव में दिखी आदिवासी परंपरा व संस्कृति की झलक

