RANCHI: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची के सात वर्षीय बाल तैराक इशांक सिंह ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इशांक को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। साथ ही उसके उज्जवल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने इशांक को 5 लाख रुपए का चेक, स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। बता दें कि रांची के इशांक सिंह ने 30 अप्रैल 2026 को 9 घंटे 50 मिनट तैरकर भारत और श्रीलंका के बीच स्थित चुनौतीपूर्ण पाल्क स्ट्रेट को पार करते हुए अपने नाम विश्व रिकॉर्ड दर्ज किया है।
राज्य का नाम किया रोशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि ईशान सिंह ने पाक स्ट्रेट पार कर देश और दुनिया में झारखंड प्रदेश का नाम रोशन कर दिखाया है। मौके पर मुख्यमंत्री ने सराहना करते हुए कहा कि तैराकी के क्षेत्र में इनकी सफलता पूरे राज्य के लिए गौरव का क्षण रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। झारखंड में हमारी सरकार ने एक बेहतर खेल नीति बनाई है, जिसका लाभ यहां के खिलाड़ियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा झारखंड के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मौके पर मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सात वर्षीय बाल तैराक इशांक सिंह भविष्य में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का मान बढ़ाएंगे।
प्रतिभाशाली बच्चों को मिलेगा बेहतर प्लेटफॉर्म
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल तैराक इशांक ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। इनकी सफलता राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के भीतर इशांक सिंह जैसे प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर प्लेटफॉर्म मिले इस निमित्त राज्य सरकार उन्हें हर संभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि खेल के क्षेत्र में झारखंड प्रदेश निरंतर विकास कर रहा है। यहां के खेल प्रतिभाओं ने कई मौकों पर पूरे विश्व अपना लोहा मनवाया है। झारखंड के खिलाड़ी अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहे हैं। राज्य के युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी को और ऊर्जावान बनाएगी।
तैराकी प्रशिक्षण के लिए योजना तैयार करें
मौके पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित पदाधिकारियों से कहा कि आने वाले दिनों में तैराकी प्रशिक्षण सहित सभी सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य योजना बनाते हुए राज्य सरकार आगे बढ़ेगी तथा राज्य में तैराकी करने वालों को आधुनिक सुविधा प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने वर्तमान समय में तैराकी से संबंधित सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी उपस्थित खेल विभाग के अधिकारियों से ली। उन्होंने इशांक सिंह की माता, पिता तथा कोच को भी सम्मानित किया।
ये रहे मौजूद
राज्य के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार, निदेशक खेल आसिफ इकराम, उप निदेशक राजेश कुमार, तैराकी संघ से शैलेंद्र तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
झारखंड बधिर क्रिकेट टीम को सीएम ने दी बधाई
वहीं सीएम ने झारखंड डेफ(बधिर) क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल व भारतीय डेफ क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टाटा डिगवाडीह स्टेडियम धनबाद में आयोजित डेफ क्रिकेट टूर्नामेंट/सीरिज के फाइनल में नेपाल को पराजित कर खिताब जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल देश, बल्कि झारखंड के लिए भी गर्व का विषय है। भारतीय डेफ(बधिर)क्रिकेट टीम में झारखंड के कई खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व करना राज्य की खेल प्रतिभा, समर्पण और क्षमता का प्रमाण है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
READ ALSO: West Singhbhum: ‘केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण में विफल, नीतियां पूंजीपतियों के पक्ष में’ : झामुमो

